प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 22 सितंबर को शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब देशभर में नवरात्रि की शुरुआत सोमवार से हो रही है और साथ ही वस्तु एवं सेवा कर (GST) के नए नियम भी उसी दिन से लागू होने जा रहे हैं।
सरकार की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री का यह संबोधन महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसमें वे हाल ही में GST परिषद द्वारा लिए गए फैसलों को लेकर बात कर सकते हैं। 3 सितंबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई GST काउंसिल की बैठक में कई अहम सुधारों की घोषणा की गई थी।
इन सुधारों में खासतौर पर 12% और 28% की टैक्स स्लैब को कम किया गया है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, कुछ उत्पादों पर 40% की नई टैक्स दर भी लागू की गई है, जो खासकर लक्ज़री वस्तुओं और ‘सिन गुड्स’ (जैसे तंबाकू, सिगरेट, पान मसाला, शक्कर वाली ड्रिंक्स, महंगी गाड़ियाँ, हेलीकॉप्टर, यॉट, 350cc से ऊपर की बाइक आदि) पर लगेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज सुबह महालय के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें पूर्वजों की स्मृति और उनके आशीर्वाद की याद दिलाता है। प्रधानमंत्री का यह संबोधन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है और सरकार चाहती है कि लोग नए टैक्स नियमों को सही से समझें और उसका लाभ उठा सकें।
इसके बाद सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे, जहाँ वे कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। इन दोनों राज्यों में केंद्र सरकार की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” योजना के तहत तेज़ी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।





