ताज़ा खबरेंराजनीति

मानसून सत्र के लिए संसद पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- देश अच्छे ढंग से बढ़ रहा…

संसद का मानसून सत्र आज हंगामेदार तरीके से शुरू होने वाला है. विपक्षी दल पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार विशेष गहन समीक्षा (एसआईआर) और एयर इंडिया (एआई) 171 विमान दुर्घटना सहित कई प्रमुख मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मानसून सत्र के लिए संसद पहुंचे.

 

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है. अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है. कृषि को लाभदायक मौसम की खबरें हैं. बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण होता है… पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है. जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा.”

 

प्रधानमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि संसद का मानसून सत्र सकारात्मक चर्चा और जनहित के कार्यों के लिए जाना जाएगा. उन्होंने सभी सांसदों से इस विजयोत्सव में सहभागी बनने और देश की प्रगति में रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की.

 

21 अगस्त तक चलने वाले सत्र में 17 अहम बिल पेश होंगे और साथ ही सरकार कई लंबित विधेयकों पर भी चर्चा करेगी. केंद्र सरकार का मुख्य ध्यान आयकर विधेयक 2025 पर है, जिसे बजट सत्र में 13 फरवरी को लोकसभा में पेश किया गया था. पीएम मोदी सुबह 10 बजे मॉनसून सत्र को लेकर मीडिया को संबोधित भी करेंगे.

 

इस सत्र के हंगामेदार रहने के भी आसार हैं. बताया जा रहा है कि विपक्ष ने 8 मुद्दे तैयार किए हैं, जिनपर वो सरकार की घेरेबंदी करेगा. रणदीप सुरजेवाला ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए नोटिस दिया है.
Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button