सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की ‘धड़क 2’ का पोस्टर रिलीज, सामने आई दमदार टैगलाइन

सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धड़क 2’ का ट्रेलर 11 जुलाई को रिलीज होने जा रहा है। फिल्म के मेकर्स ने बुधवार को इसका आधिकारिक ऐलान करते हुए फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया, जिस पर लिखा है: “मरने और लड़ने में से एक को चुनना हो तो लड़ना।” पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा – “दो दिल, एक धड़क।”
View this post on Instagram
फिल्म का निर्देशन शाजिया इकबाल ने किया है, जो इस प्रोजेक्ट से बतौर निर्देशक डेब्यू कर रही हैं। फिल्म की कहानी शाजिया इकबाल और राहुल बडवेल्कर ने मिलकर लिखी है। यह फिल्म 2018 में आई ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर की ‘धड़क’ की रीमेक है, जो मूल रूप से 2016 में आई मराठी सुपरहिट फिल्म ‘सैराट’ का हिंदी रूपांतरण थी।
फिल्म ‘धड़क 2’ को कई बार टालने के बाद अब आखिरकार 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। शुरुआत में इसे नवंबर 2024 में रिलीज करने की योजना थी, फिर इसे मार्च 2025 तक खिसका दिया गया। लेकिन अब मेकर्स ने फाइनल डेट की घोषणा कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, फिल्म को हाल ही में सेंसर बोर्ड से यूए सर्टिफिकेट मिला है। हालांकि सेंसर बोर्ड ने इसमें कुल 16 कट लगाए हैं। फिल्म से कुछ गालियों को म्यूट किया गया है और ‘सवर्ण’ जैसे शब्द को भी हटा दिया गया है।
‘धड़क 2’ के अलावा सिद्धांत चतुर्वेदी जल्द ही ‘दिल का दरवाजा खोल न डार्लिंग’ नामक फिल्म में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ वामिका गब्बी और जया बच्चन मुख्य भूमिकाओं में होंगी। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म का भी हिस्सा होंगे, हालांकि इस प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
फिलहाल, सिद्धांत और तृप्ति की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।





