दिल्ली में प्रदूषण का कहर जारी, सांस लेना हुआ मुश्किल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह (28 दिसंबर 2025) हवा की गुणवत्ता एक बार फिर बेहद खराब बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 392 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
CPCB के ‘समीर’ ऐप से मिले आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 19 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर रही। इनमें आनंद विहार सबसे अधिक प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 444 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी के बाकी इलाकों में भी हवा की स्थिति ‘बहुत खराब’ बनी हुई है।
CPCB के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा को ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच होने पर ‘गंभीर’ माना जाता है।
मौसम की बात करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। सुबह 8:30 बजे तक आर्द्रता का स्तर 71 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने दिन में अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। साथ ही राजधानी में आसमान साफ रहने की संभावना है।





