पुलिस कांस्टेबल की पत्नी ने की आत्महत्या, इंस्टाग्राम वीडियो में ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी सौम्या कश्यप ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले सौम्या ने एक इमोशनल वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। सौम्या ने वीडियो में बताया कि उनके पति अनुराग सिंह और उनके ससुराल वाले उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। सौम्या के मुताबिक, उनके पति किसी और से शादी करना चाहते थे और इसी कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने अपने देवर पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
इतना ही नहीं, सौम्या ने दावा किया कि एक वकील ने उनके पति को उन्हें मारने की सलाह दी थी और कहा था कि वह कानूनी तरीके से उन्हें बचा लेगा। वीडियो में सौम्या रोते हुए कहती हैं, “उस वकील ने कहा था कि मेरी हत्या कर दो, मैं तुम्हें बचा लूंगा।” जानकारी के अनुसार, सौम्या की शादी चार महीने पहले कांस्टेबल अनुराग सिंह से हुई थी, जो इस समय बक्शी का तालाब थाने में ईगल मोबाइल ड्यूटी पर तैनात हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गई है।
वीडियो में सौम्या ने यह भी बताया कि उन्हें दहेज को लेकर भी प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि वह मानसिक रूप से टूट चुकी थीं और अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती थीं। पुलिस के अनुसार, सौम्या ने रविवार को अपने घर में पंखे से लटककर जान दे दी। लखनऊ उत्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि मौके पर थाने के प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर फॉरेंसिक जांच की। सौम्या का शव कब्जे में ले लिया गया है और उनके मायके वालों को, जो मैनपुरी में रहते हैं, घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार के लोग लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





