तीन देशों के दौरे पर रवाना हुए पीएम नरेंद्र मोदी, G7 समिट में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह तीन देशों के राजनयिक दौरे के लिए दिल्ली से रवाना हो गए। वह इस दौरे के दौरान साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की यात्रा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत के इन देशों के साथ व्यापार, निवेश, तकनीक और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करना है। साथ ही पीएम मोदी कनाडा में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने इस यात्रा के उद्देश्य और अहम बातों को साझा किया। पीएम मोदी 15 और 16 जून को साइप्रस की यात्रा करेंगे। वह वहां के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडूलिडीस के निमंत्रण पर जा रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने बयान में कहा, “साइप्रस भारत का घनिष्ठ मित्र और यूरोपीय संघ तथा भूमध्यसागरीय क्षेत्र का अहम साझेदार है। यह यात्रा हमारे ऐतिहासिक संबंधों को आगे बढ़ाने और व्यापार, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संवाद को मजबूत करने का अवसर है।”
Over the next few days, will be visiting Cyprus, Canada and Croatia to attend various programmes, including bilateral meetings and multilateral engagements.https://t.co/CLhd5fMHH4
— Narendra Modi (@narendramodi) June 15, 2025
साइप्रस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी कनाडा के कनानास्किस जाएंगे, जहां 16-17 जून को G7 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्हें कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने आमंत्रित किया है। यह पीएम मोदी की लगातार छठी G7 शिखर सम्मेलन में भागीदारी होगी।
उन्होंने कहा, “G7 शिखर सम्मेलन वैश्विक मुद्दों और वैश्विक दक्षिण (Global South) की प्राथमिकताओं पर चर्चा का एक बेहतरीन मंच होगा। मैं इसमें भाग लेने वाले अन्य देशों के नेताओं के साथ संवाद के लिए उत्साहित हूं।” प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को क्रोएशिया जाएंगे। वहां वह राष्ट्रपति जोरान मिलानोविच और प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से मुलाकात करेंगे। यह क्रोएशिया में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी।
I will be attending the G7 Summit in Canada, which will give a great platform to exchange perspectives on various global issues and elaborate on the priorities of the Global South.@MarkJCarney
— Narendra Modi (@narendramodi) June 15, 2025
उन्होंने कहा, “भारत और क्रोएशिया के बीच सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खोलेगी और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करेगी।” पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा उन देशों का धन्यवाद करने का भी एक अवसर है जिन्होंने भारत के आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में लगातार समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, “यह दौरा आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने को लेकर वैश्विक समझ को मजबूत करने का भी एक मौका है।”
प्रधानमंत्री मोदी की यह तीन देशों की यात्रा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।





