
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा “आई एम जॉर्जिया — माय रूट्स, माय प्रिंसिपल्स” अब भारत में भी प्रकाशित होने जा रही है। खास बात यह है कि इस भारतीय संस्करण की भूमिका (Foreword) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद लिखी है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस किताब को मेलोनी की “मन की बात” जैसा बताया है — एक ऐसा निजी संवाद, जो लोगों से सीधे जुड़ने की कोशिश है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, मोदी ने इसे एक “विशेष सम्मान” बताया और मेलोनी के लिए अपने सम्मान, प्रशंसा और मित्रता की भावना व्यक्त की। उन्होंने मेलोनी को “देशभक्त और एक बेहतरीन समकालीन नेता” बताया। पीएम मोदी ने लिखा कि उन्होंने दुनिया भर के नेताओं के साथ वर्षों में जो बातचीत की है, उसमें यह देखा है कि हर किसी की जीवन कहानी में कुछ साझा, सार्वभौमिक बातें होती हैं। यही बातें उन्हें मेलोनी के जीवन और नेतृत्व में भी दिखाई देती हैं।
मोदी ने मेलोनी की किताब को भारत में “एक प्रेरणादायक और ताजगी भरी कहानी” बताया, जो लोगों को ज़रूर पसंद आएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और इटली के बीच साझा सांस्कृतिक मूल्यों की भी तारीफ की। उन्होंने मेलोनी के संस्कृति और समानता में विश्वास को सराहा।
पहले ही बन चुकी है बेस्टसेलर
मेलोनी की यह आत्मकथा सबसे पहले 2021 में प्रकाशित हुई थी, जब वह विपक्ष की नेता थीं। यह किताब इटली में बेस्टसेलर बनी और उनके प्रधानमंत्री बनने की राह का आधार बनी। इसका अमेरिकी संस्करण जून 2025 में आया था, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भूमिका लिखी थी। उन्होंने मेलोनी की कहानी को “देशभक्ति की लहर” बताया और उनके साधारण वर्गीय पृष्ठभूमि की चर्चा की।
किताब में महिलाओं की ताकत और संघर्ष की झलक
मेलोनी की किताब में महिलाओं के संघर्ष, मातृत्व, और नेतृत्व की बातें हैं। उनका प्रसिद्ध नारा —
“मैं जॉर्जिया हूं, एक महिला हूं, एक इटैलियन हूं, एक ईसाई हूं — और यह कोई मुझसे नहीं छीन सकता,” — किताब में कई बार सुनाई देता है।
वह लिखती हैं कि एक महिला को सिर्फ इसलिए राजनीति में नहीं आना चाहिए कि वह महिला है, बल्कि इसलिए कि राजनीति हर किसी की होती है — और यह समाज के भले के लिए है। वह बताती हैं कि कैसे उन्हें गर्भवती होने पर राजनीति छोड़ने की सलाह दी गई, लेकिन उन्होंने यह साबित किया कि “बच्चे कोई बाधा नहीं होते — बल्कि वे हमें सीमाएं पार करने की ताकत देते हैं।”
पीएम मोदी की मेलोनी के लिए भावनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी के विचारों से जुड़ाव जताते हुए लिखा: “हम दोनों एक जैसी सभ्यतागत सोच से जुड़े हैं — विरासत की रक्षा, समुदाय की ताकत और नारी शक्ति का सम्मान। हमारी परंपराओं के प्रति आदर और आधुनिकता को अपनाने की सोच हमें जोड़ती है। यही हमारी मित्रता की बुनियाद है।”





