‘जनता का पैसा जनता के लिए’: लोकसभा में विपक्ष को PM Modi का जवाब

संसद के बजट सत्र का आज चौथा दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़े धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं. पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, “हमारे देश में एक प्रधानमंत्री हुआ करते थे जिन्होंने एक समस्या को पहचाना था और कहा कि जब दिल्ली से एक रुपया भेजा जाता है तो नीचे तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं…15 पैसे किसे मिलते थे ये हर कोई समझ सकता है…हमने समाधान खोजने की कोशिश की और हमारा मॉडल है ‘बचत भी विकास भी’, ‘जनता का पैसा जनता के लिए.”
पीएम मोदी ने अपने अभिभाषण की शुरुआत आभार व्यक्त से की, उन्होंने कहा, “मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है कि देश की जनता ने मुझे 14वीं बार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आभार व्यक्त करने का अवसर दिया है. मैं आज जनता जनार्दन का भी आदर के साथ आभार व्यक्त करना चाहता हूं.”
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम 2025 में हैं. एक प्रकार से 21वीं सदी का 25% हिस्सा बीत चुका है. 20वीं सदी में आज़ादी के बाद और 21वीं सदी के प्रथम 25 सालों में क्या हुआ, ये तो आने वाला समय ही तय करेगा लेकिन अगर हम राष्ट्रपति जी के संबोधन का बारीकी से अध्ययन करें तो साफ नजर आता है कि उन्होंने देश के सामने आने वाले 25 सालों और विकसित भारत के लिए लोगों में विश्वास पैदा करने की बात कही है. उनका संबोधन विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला है, नया विश्वास पैदा करने वाला है और आम लोगों को प्रेरित करने वाला है…”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जो लोग अपने मनोरंजन के लिए गरीबों की झोपड़ियों में फोटो सेशन कराते हैं, उन्हें संसद में गरीबों की बात बोरिंग ही लगेगी…”
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जब ज्यादा बुखार चढ़ जाता है तब लोग कुछ भी बोल देते हैं लेकिन इसके साथ जब ज्यादा हताशा-निराशा फैल जाती है तब भी बहुत कुछ बोल देते हैं…जो भारत में पैदा ही नहीं हुए, ऐसे 10 करोड़ फर्जी लोग सरकारी खजाने से विभिन्न योजनाओं का फायदा ले रहे थे…हमने ऐसे 10 करोड़ फर्जी नामों को हटाया और असली लाभार्थियों को खोजकर उन तक मदद पहुंचाने का अभियान चलाया…
उन्होंने आगे कहा, “पहले अखबारों की हेडलाइन घोटाले और भ्रष्टाचार से जुड़ी होती थीं…10 साल हो गए हैं, देश के करोड़ों रुपए बचे हैं, जो जनता के काम आए हैं… हमने कई कदम उठाए हैं जिससे काफी पैसा बचा है लेकिन हमने उस पैसे का इस्तेमाल शीशमहल बनाने के लिए नहीं किया, बल्कि हमने उस पैसे का इस्तेमाल देश बनाने के लिए किया है…”
PM मोदी ने कहा कि हम लगातार युवाओं के लिए काम कर रहे हैं. कुछ दल युवाओं से धोखा कर रहे हैं. ये दल चुनाव के समय वादा तो करते हैं. लेकिन उसे पूरा नहीं करते हैं. ये दल युवाओं के भविष्य पर आपदा बनकर गिर रही है. हमने हरियाणा में युवाओं से किए वादे को पूरा किया. हम जो कहते हैं, वो करते हैं. हरियाणा में बीजेपी को तीसरी बार भव्य विजय मिली.





