PM मोदी का संदेश- अब बिहार में लालटेन नहीं, इंटरनेट और विकास का युग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। उनका विमान दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरा, इसके बाद वे समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभाओं को संबोधित करने गए। प्रधानमंत्री मोदी पहले समस्तीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने भारत रत्न और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वे सीधे जनसभा के मंच पर पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया और बिहार सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क, पुल और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि दी है और मखाना बोर्ड का गठन किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भाषण की शुरुआत मैथिली भाषा में लोगों को नमन करके की। उन्होंने एनडीए सरकार के नारे लगाए और कहा कि बिहार ने जंगलराज को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना सरकार और राज्य के लिए शक्ति का प्रतीक है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि बिहार में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को प्रेरणा मानती है और गरीबों के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज, शौचालय और नल का जल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने लालू परिवार और राजद-कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार के विकास में बाधा डाली और जनता को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार सुशासन, जनता की सेवा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने जनता से कहा कि अब बिहार में लालटेन की जरूरत नहीं है, क्योंकि इंटरनेट सस्ता और सुविधाजनक हो गया है। उन्होंने किसानों के लिए बैंकिंग सेवाओं और किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र किया। उन्होंने बिहार के मछलीपालन और कृषि विकास की उपलब्धियों की भी तारीफ की।
#WATCH समस्तीपुर | PM नरेंद्र मोदी ने कहा, “…जब इतनी लाइट है। हर एक के हाथ में लाइट है तो लालटेन (राजद प्रतीक) चाहिए क्या?’…” pic.twitter.com/9gwXk1wddD
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 24, 2025
पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद और माओवादी आतंक ने राज्य को प्रभावित किया, लेकिन एनडीए सरकार ने इसे काफी हद तक कम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि चुनाव में सभी उम्मीदवारों को जीताने के लिए एकजुट रहें और बूथ-स्तर पर मेहनत करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि बिहार अब रुकने वाला नहीं है और राज्य में विकास की नई गति जारी रहेगी।





