दुर्गा अष्टमी पर सीआर पार्क पहुंचे पीएम मोदी, करली बाड़ी मंदिर में की पूजा

दिल्ली के चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) में अष्टमी के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा किया और करली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। पीएम के दौरे को देखते हुए ग्रेटर कैलाश-2 वेलफेयर एसोसिएशन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। इसमें निवासियों से शाम 3 बजे से आधी रात तक कुछ आंतरिक सड़कों से बचने की अपील की गई, ताकि सुरक्षा और यातायात पर असर न पड़े।
बीजेपी की रणनीति टीम का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा सिर्फ पूजा दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान का संकेत दिया है। पिछले हफ्ते गृहमंत्री अमित शाह ने भी कोलकाता में दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। वहीं, पीएम मोदी 2020 में कोलकाता में आयोजित पूजा पंडाल में शामिल हुए थे।
बीजेपी का फोकस खासतौर पर उन बंगालियों पर है जो राज्य से बाहर काम करते हैं लेकिन उनका वोटिंग अधिकार अब भी बंगाल में है। पार्टी इन मतदाताओं से सीधे जुड़ने की कोशिश कर रही है। इसके लिए दिल्ली, मुंबई, बिहार, झारखंड, यूपी और बेंगलुरु जैसे शहरों में जहां बड़ी संख्या में बंगाली समुदाय रहता है, वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंडाल और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
बीजेपी का कहना है कि दुर्गा पूजा सिर्फ बंगाल का नहीं बल्कि पूरे भारत का त्योहार है। इसी भावनात्मक जुड़ाव के जरिए पार्टी बड़ी संख्या में बंगालियों तक पहुंच बनाने की कोशिश में है।
जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने बंगाल के बाहर ऐसे 150 से ज्यादा जिलों की पहचान की है, जहां बंगाली हिंदू आबादी प्रभावशाली है। इन इलाकों में पार्टी नेताओं, विधायकों और सांसदों को बंगाली समुदाय से मिलने, छोटी बैठकों और चाय पर चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित करने का जिम्मा दिया गया है।
बीजेपी की योजना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए बंगाल की सांस्कृतिक धरोहर को सामने रखा जाए और साथ ही पार्टी का “विकसित बंगाल” का विज़न भी लोगों तक पहुंचाया जाए।





