डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, बताया प्रेरणा स्रोत

भारत के पूर्व राष्ट्रपति और ‘मिसाइल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने डॉ. कलाम को एक दूरदर्शी नेता, महान वैज्ञानिक और राष्ट्र के प्रति समर्पित देशभक्त बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश में लिखा, “हमारे प्रिय पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उन्हें एक प्रेरणादायक विचारक, उत्कृष्ट वैज्ञानिक, मार्गदर्शक और महान देशभक्त के रूप में याद किया जाता है। राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा अनुकरणीय थी।”
On his death anniversary, paying homage to our beloved former President, Dr. APJ Abdul Kalam. He is remembered as an inspiring visionary, outstanding scientist, mentor and a great patriot. His dedication to our nation was exemplary. His thoughts motivate the youth of India to…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 27, 2025
डॉ. कलाम वर्ष 2002 से 2007 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति रहे। वैज्ञानिक के तौर पर उन्होंने देश के रक्षा अनुसंधान और मिसाइल विकास कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई। उन्हें भारत के पहले स्वदेशी मिसाइल कार्यक्रम ‘इंटेग्रेटेड गाइडेड मिसाइल डेवलपमेंट प्रोग्राम’ का जनक माना जाता है। अपने कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी डॉ. कलाम सादगीपूर्ण जीवन जीते रहे। वे उन कुछ राष्ट्रपतियों में से एक थे जिन्हें न सिर्फ राजनीतिक दलों का बल्कि आम जनता का भी गहरा सम्मान मिला। उन्होंने हमेशा राजनीति से ऊपर उठकर देश की सेवा को प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. कलाम की सोच आज भी देश के युवाओं को प्रेरित करती है। उनका सपना था कि भारत 2020 तक एक विकसित राष्ट्र बने। पीएम मोदी ने कहा कि हमें डॉ. कलाम के उस सपने को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। डॉ. कलाम आज भी अपने विचारों, कार्यों और मूल्यों के कारण देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।





