तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, जामनगर, गिर और द्वारका में कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर शनिवार शाम जामनगर पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद रविवार को उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन के वनतारा पशु बचाव और पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। इस दौरे के दौरान पीएम गिर के सासन गिर नेशनल पार्क में जंगल सफारी का भी आनंद लेंगे और सोमवार को सोमनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
1 मार्च को प्रधानमंत्री जामनगर पहुंचे और सर्किट हाउस में ठहरे। 2 मार्च को उन्होंने वनतारा पशु देखभाल केंद्र का दौरा किया, फिर शाम को सासन गिर रवाना हुए। वहां पहुंचकर सिंह सदन गेस्ट हाउस में ठहरे और सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की। 3 मार्च को प्रधानमंत्री गिर नेशनल पार्क में जंगल सफारी करेंगे और राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर वन्यजीवों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
एनबीडब्ल्यूएल बैठक के बाद, प्रधानमंत्री महिला वन कर्मचारियों से संवाद करेंगे और फिर सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दौरे के समापन के बाद वह सोमनाथ से राजकोट हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और फिर दिल्ली लौट जाएंगे। एनबीडब्ल्यूएल में 47 सदस्य होते हैं, जिनमें सेना प्रमुख, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, वन्यजीव विशेषज्ञ और गैर-सरकारी संगठनों के सदस्य शामिल हैं। इस बैठक की अध्यक्षता देश के प्रधानमंत्री ही करते हैं।





