विदेश

मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी, अनवर इब्राहिम से प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। यह बैठक मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय पेरदाना पुत्रा कॉम्प्लेक्स में हुई। यह पीएम मोदी के दो दिवसीय मलेशिया दौरे का एक अहम हिस्सा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी को पेरदाना पुत्रा में गार्ड ऑफ ऑनर और औपचारिक स्वागत दिया गया। शनिवार को जब पीएम मोदी कुआलालंपुर पहुंचे, तो खुद प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री रमनन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री लुकानिस्मन बिन अवांग साउनी भी मौजूद रहे।

स्वागत समारोह में रेड कार्पेट, पारंपरिक संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जो भारत और मलेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती है। इस गर्मजोशी भरे स्वागत पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इस सम्मान से “गहराई से भावुक” हैं और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हैं।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम साथ में कुआलालंपुर में आयोजित एक भारतीय समुदाय कार्यक्रम में पहुंचे। इस कार्यक्रम में भी मलेशियाई प्रधानमंत्री ने हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने इसे भारत-मलेशिया के जन-जन के रिश्ते का उत्सव बताया।

रविवार को दोनों नेताओं के बीच होने वाली विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा और सुरक्षा सहयोग, व्यापार, नवाचार और नए क्षेत्रों में साझेदारी पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस दौरान कई अहम समझौतों पर भी सहमति बन सकती है। दौरे से पहले जारी अपने बयान में पीएम मोदी ने कहा था कि भारत और मलेशिया के रिश्तों में लगातार प्रगति हुई है और यह यात्रा इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस दौरे को “समृद्ध एजेंडा” वाला बताया और कहा कि यह भारत-मलेशिया के विशेष रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा। गौरतलब है कि यह प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा मलेशिया दौरा है और अगस्त 2024 में दोनों देशों के रिश्तों को कंप्रीहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिए जाने के बाद उनकी यह पहली यात्रा है। भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्ते हैं। मलेशिया में करीब 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी प्रवासी भारतीय आबादी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button