न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने PM मोदी से की मुलाक़ात

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाकात की. इस दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस बीच कई अहम समझौते हुए. जिसमें दोनों देशों ने रक्षा साझेदारी को मजबूत और संस्थागत बनाने का फैसला किया है.
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “मैं पीएम लक्सन और उनके मंत्रिमंडल का भारत में स्वागत करता हूं…पीएम लक्सन भारत से जुड़े हुए हैं। हमने अभी हाल में देखा कि उन्होंने होली कैसे मनाई…हमें अत्यंत प्रसन्नता है कि उनके जैसा युवा नेता रायसीना डायलॉग 2025 में हमारा मुख्य अतिथि हैं…।”
यह मुलाकात द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के बढ़ते प्रयासों के बीच हुई, जिसमें दोनों देशों के प्रधानमंत्री ने आर्थिक सहयोग, व्यापार विस्तार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा की. इस दौरान पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर बातचीत शुरू करने का निर्णय भी लिया गया है.
लक्सन रविवार को भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे. वे रायसीना डायलॉग के 10वें संस्करण में मुख्य अतिथि होंगे और मुख्य भाषण भी देंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री लक्सन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे.





