‘वेलविचिया मिराबिलिस’ सम्मान से नवाजे गए पीएम मोदी, नामीबिया में हुई द्विपक्षीय बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेलविचिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नामीबिया के राष्ट्रपति डॉ. नेतुम्बो नांदी-नदैतवाह ने दिया। सम्मान पाने के बाद पीएम मोदी ने कहा, “वेलविचिया मिराबिलिस सम्मान पाकर मुझे बहुत गर्व और खुशी हो रही है। मैं नामीबिया के राष्ट्रपति, सरकार और वहां की जनता का दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रता से स्वीकार करता हूं।”
#WATCH | Windhoek: PM Narendra Modi conferred with the Order of the Most Ancient Welwitschia Mirabilis, the highest civilian award of Namibia. President of Namibia, Dr Netumbo Nandi-Ndaitwah presented the award to him.
(Video: ANI/DD News) pic.twitter.com/t6e7IAHauq
— ANI (@ANI) July 9, 2025
यह पुरस्कार साल 1995 में स्थापित किया गया था, जो नामीबिया की स्वतंत्रता के कुछ ही वर्षों बाद शुरू हुआ। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने उल्लेखनीय नेतृत्व और सेवा के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया हो। इस पुरस्कार का नाम नामीबिया में पाए जाने वाले एक अनोखे और प्राचीन रेगिस्तानी पौधे ‘वेलविचिया मिराबिलिस’ के नाम पर रखा गया है, जो दृढ़ता, दीर्घायु और जीवनशक्ति का प्रतीक माना जाता है। यह पीएम मोदी को मिला 27वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है और इस विदेश यात्रा का चौथा सम्मान है।
राष्ट्रपति डॉ. नांदी-नदैतवाह ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ नामीबिया बल्कि वैश्विक स्तर पर सामाजिक-आर्थिक विकास, शांति और न्याय के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया है। इसी कारण उन्हें यह सर्वोच्च सम्मान दिया गया है।”
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया की राष्ट्रपति के साथ विस्तृत बातचीत की। इस दौरान दोनों देशों के बीच डिजिटल तकनीक, रक्षा, सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा, “हमने व्यापार, ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स में भी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इसके साथ ही मैंने प्रोजेक्ट चीता में नामीबिया की मदद के लिए आभार भी जताया।”
बैठक के बाद भारत और नामीबिया के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग, नामीबिया में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना, CDRI फ्रेमवर्क और ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस पर सहमति शामिल है। यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली नामीबिया यात्रा है और किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह अब तक की तीसरी यात्रा है।





