PM Modi का स्वागत संदेश, सुनीता विलियम्स की वापसी पर किया पोस्ट

अंतरिक्ष में नौ महीने तक फंसीं नासा की एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी हो गई है. उनकी वापसी पर देश-दुनिया से बधाई का सिलसिला जारी है. इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उनका स्वागत किया.
पीएम मोदी ने सुनीता विलियम्स से मुलाकात की एक पुरानी फोटो शेयर कर लिखा कि आपका स्वागत है, #Crew9! हमने आपको मिस किया. यह उनके धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है. सुनीता विलियम्स और #Crew9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का वास्तव में क्या मतलब है.

इसके साथ ही पीएम ने लिखा कि उनका अटूट दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा. स्पेस एक्सप्लोरेशन का मतलब है मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखने का साहस करना और उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस रखना. सुनीता ने एक आइकन के तौर पर अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण दिया है. हमें उन सभी पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए जी तोड़ मेहनत की. उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है.





