जम्मू में पीएम ने जनसभा को किया संबोधित, कहा- मैं इस धरती को नमन करता हूं

जम्मू-कश्मीर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “इस धरती ने देश की रक्षा के लिए खुद को न्योछावर करने वाली अनेक संतान दी हैं, मैं इस धरती को नमन करता हूं. आज शहीद वीर सरदार भगत सिंह की जन्म जयंती भी है, मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं.”
जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र के लोगों से आज कहना चाहूंगा कि जम्मू क्षेत्र के लोगों के लिए इतिहास में ऐसा मौका पहले कभी नहीं आया है जो इस चुनाव में आया है. आज पहली बार जम्मू क्षेत्र के लोगों की इच्छा वाली सरकार बनने जा रही है. ये तो मंदिरों की नगरी है, इस मौके को छोड़ना नहीं है, चूकना नहीं है. भाजपा की जो सरकार यहां बनेगी वो आपकी हर पीड़ा को दूर करेगी. जम्मू के साथ दशकों से जो भी भेदभाव हुआ है उसको भाजपा सरकार ही दूर करेगी…”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे बीते हफ्तों में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में जाने का अवसर मिला है. जहां भी गया वहां भाजपा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह दिख रहा है. जम्मू-कश्मीर के लोग PDP, NC और कांग्रेस इन तीन परिवार से त्रस्त हैं. लोग फिर वही निजान नहीं चाहते जिसमें भ्रष्टाचार हो. यहां की जनता आतंकवाद, अलगाववाद, खून-खराबा नहीं चाहती. यहां के लोग अमन, शांति चाहते हैं. यहां के लोग अपने बच्चों का बेहतर भविष्य चाहते हैं और इसलिए जम्मू-कश्मीर के लोग भाजपा सरकार चाहते हैं.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव परिणामों पर जोर देते हुए कहा, “8 अक्टूबर को माँ के नवरात्रि के दिन नतीजे आएंगे और हम सब तो माता वैष्णों देवी के साये में पले बड़े हैं और 12 अक्टूबर को विजयादशमी है. इस बार की विजयादशमी हम सभी के लिए शुभ शुरूआत वाली होगी. जम्मू हो, सांबा हो, कठुआ हो, चारो तरफ एक ही नारा गूंज रहा है, ‘जम्मू की यही पुकार, आ रही है भाजपा सरकार’.
जनसभा में पीएम ने विपक्ष पर निशाना साधा, “आज की जो कांग्रेस है वो पूरी तरह से ‘शहरी नक्सलियों’ के कब्जे में है. जब विदेशों से घुसपैठिए यहां आते हैं तो न जाने क्या कारण है कि कांग्रेस को अच्छा लगता है. उनमें इनको अपना वोट बैंक दिखता है. लेकिन अपने ही लोगों की पीड़ा पर वे उनका भद्दे तरीके से मजाक उड़ाते हैं.”





