अमेरिका में आसमान में टकराया सेना का हेलीकॉप्टर, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Washington DC के बाहर रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक यात्री विमान पोटोमैक नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. संघीय उड्डयन प्रशासन के अनुसार, विमान रनवे के पास पहुंचते ही एक हेलीकॉप्टर से टकरा गया. रिपोर्टों के अनुसार, फायर और ईएमएस ने कहा कि हवाई अड्डे के पास एक छोटा विमान पोटोमैक नदीं में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. फिलहाल फायरबोट घटनास्थल पर है.
जानकारी के अनुसार विमान में कुल 64 लोग सवार थे. अबतक 19 शवों को निकाल लिया गया है. राहत और बचाव कार्य जारी है. एफएए ने बताया कि अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 5342 डीसी एयरपोर्ट के पास ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से टकरा गई. दुर्घटना के बाद दोनों में तेज आग निकलती देखी गई. वॉशिंगटन डीसी फायर सर्विसेज के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को हुई. दुर्घटना के कारण हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, “रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने बुधवार देर रात कहा कि विमान दुर्घटना के बाद आपातकालीन कर्मियों के पहुंचने पर वाशिंगटन क्षेत्र के हवाई अड्डे पर सभी उड़ान और लैंडिंग रोक दी गई है. वाशिंगटन डी.सी. अग्निशमन विभाग ने अलग से कहा कि रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पोटोमैक नदी के आसपास एक छोटे विमान के गिरने की पुष्टि हुई है तथा अग्निशमन नौकाएं घटनास्थल पर मौजूद हैं.”
संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुई हवाई क्षेत्र की घटना की जांच करेंगे. अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक्स पर ट्वीट किया, “कृपया आज शाम रीगन हवाई अड्डे के पास हुई मध्य-हवाई टक्कर में शामिल सभी लोगों के लिए प्रार्थना करें. हम स्थिति पर नज़र रख रहे हैं, लेकिन अभी के लिए, आइए सर्वश्रेष्ठ की आशा करें.”





