भारत

ब्रह्मपुत्र क्रूज पर ‘परीक्षा पे चर्चा’: पीएम मोदी ने छात्रों से किया संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दूसरे दिन रविवार सुबह ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज शिप पर सवार होकर छात्रों से संवाद किया। यह संवाद ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया, जिसमें असम के अलग-अलग जिलों से चुने गए 25 छात्रों ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री करीब 45 मिनट तक तीन मंजिला क्रूज शिप ‘एमवी चराइदेव-2’ पर मौजूद रहे और छात्रों से सीधे बातचीत की। कार्यक्रम की शुरुआत हाल ही में उद्घाटित गुवाहाटी गेटवे टर्मिनल (इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट) से हुई, जहां से प्रधानमंत्री फ्लोटिंग ब्रिज के माध्यम से क्रूज शिप तक पहुंचे।

इस कार्यक्रम में कामरूप मेट्रोपॉलिटन, मोरीगांव, डिब्रूगढ़, कछार, श्रीभूमि, बक्सा, दीमा हसाओ, कोकराझार, गोलाघाट, कार्बी आंगलोंग और नलबाड़ी जिलों से आए छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय, पीएम श्री स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डॉन बॉस्को संस्थान और निजी स्कूलों के छात्र शामिल थे।

प्रधानमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए ब्रह्मपुत्र नदी क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। नदी पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सुबह से ही तैनात रहीं। एहतियातन शनिवार से दो दिनों के लिए फेरी सेवाएं भी स्थगित कर दी गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पिछले वर्ष काजीरंगा दौरे के बाद राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिला था और इस बार प्रधानमंत्री के ब्रह्मपुत्र क्रूज कार्यक्रम से नदी पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम वर्ष 2018 से हर साल आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने में मदद करना और पढ़ाई के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान प्रधानमंत्री छात्रों को शांत मन से परीक्षा देने, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button