विदेश

भारतीय विमानों पर रोक से पाकिस्तान को 4.1 अरब रुपये का नुकसान

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने के फैसले के बाद महज दो महीने में लगभग 14.39 मिलियन डॉलर (करीब 4.1 अरब रुपये) का नुकसान झेला है। यह आंकड़े शुक्रवार को नेशनल असेंबली में पेश किए गए। पाक अखबार डॉन के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 24 अप्रैल से 30 जून 2025 के बीच यह घाटा हुआ है। यह फैसला उस समय लिया गया था जब भारत ने 23 अप्रैल को एकतरफा तरीके से सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस पाबंदी से रोजाना 100 से 150 भारतीय विमान प्रभावित हुए और पाकिस्तान के हवाई मार्ग से गुजरने वाला ट्रांजिट ट्रैफिक करीब 20% घट गया। शुरुआती अनुमान में नुकसान 8.5 अरब रुपये बताया गया था, लेकिन मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि असल घाटा केवल ‘ओवरफ्लाइट’ यानी उड़ान गुजरने से मिलने वाले राजस्व में हुआ है, न कि पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी की कुल आमदनी में।

रक्षा मंत्रालय ने संसद को बताया कि हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार संघीय सरकार के पास है और इसके लिए नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी किए जाते हैं। मंत्रालय ने कहा, “आर्थिक नुकसान होता है, लेकिन राष्ट्रीय संप्रभुता और रक्षा को आर्थिक विचारों से ऊपर रखा जाता है। जब देश की सुरक्षा और संप्रभुता की बात आती है, तो कोई भी कीमत ज्यादा नहीं होती।”

फिलहाल पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र सभी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के लिए खुला है, लेकिन भारतीय विमानों पर प्रतिबंध जारी है। इस पाबंदी को दो बार एक-एक महीने के लिए बढ़ाया गया है और यह कम से कम अगस्त के आखिरी हफ्ते तक लागू रहेगी। इसी तरह, भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों को अपने हवाई क्षेत्र में आने की अनुमति नहीं दी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button