OpenAI ला रहा AI-पावर्ड हायरिंग प्लेटफॉर्म, LinkedIn से होगी टक्कर

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अब जॉब सर्च और हायरिंग के क्षेत्र में कदम रखने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही AI-पावर्ड हायरिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसका नाम OpenAI Jobs Platform होगा। यह प्लेटफॉर्म कंपनियों और उम्मीदवारों को आपस में जोड़ने में मदद करेगा। इसका सीधा मुकाबला LinkedIn से होने वाला है।
टेक क्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI अपना नया प्रोडक्ट 2026 में लॉन्च करने की योजना बना रहा है। हालांकि, लॉन्च की सटीक तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है। इस प्लेटफॉर्म का मकसद है कंपनियों को सही टैलेंट ढूंढने में मदद करना और उम्मीदवारों को उनकी पसंद की नौकरियां उपलब्ध कराना।
OpenAI के Application डिविजन के CEO Fidji Simo ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि यह प्लेटफॉर्म AI की मदद से कंपनियों की जरूरत को समझेगा और सही उम्मीदवारों का चयन करेगा। इसके बाद योग्य कैंडिडेट्स को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। छोटे बिजनेस और स्थानीय प्रशासन को भी इससे काफी फायदा होने की उम्मीद है।
इस प्लेटफॉर्म का सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी LinkedIn होगा, जो दुनियाभर में पॉपुलर है और जिसका मालिकाना हक Microsoft के पास है। LinkedIn के को-फाउंडर Reid Hoffman हैं।
OpenAI अपने मौजूदा प्रोडक्ट ChatGPT के अलावा अब नए सेगमेंट में भी विस्तार कर रही है। कंपनी का यह कदम रिक्रूटमेंट इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है।





