भारत

रामनवमी पर पीएम मोदी ने किए रामसेतु के दिव्य दर्शन, साझा किया भावुक वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय श्रीलंका दौरा 6 अप्रैल को समाप्त हो गया। दौरे के अंतिम दिन पीएम मोदी ने 128 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन के उन्नयन और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली का उद्घाटन किया। इसके बाद वे भारत के लिए रवाना हो गए। वापसी के दौरान प्रधानमंत्री ने विमान से रामसेतु के दर्शन किए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका एक वीडियो साझा किया।

अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीलंका से लौटते समय आकाश से रामसेतु के दिव्य दर्शन हुए। ईश्वरीय संयोग से उसी समय मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के भी दर्शन प्राप्त हुए। मेरी प्रार्थना है कि प्रभु श्रीराम की कृपा हम सभी पर बनी रहे।”


भारत लौटने के बाद प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में पम्बन ब्रिज का उद्घाटन भी किया।

श्रीलंका दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के बीच विस्तृत बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, फार्माकोपिया सहयोग, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, पूर्वी प्रांत के लिए आर्थिक पैकेज और मछुआरों के मुद्दे जैसे विषयों पर सात महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति जताई। बातचीत के सकारात्मक परिणामस्वरूप श्रीलंका सरकार ने 14 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया, जिससे द्विपक्षीय सहयोग की सफलता को बल मिला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रीलंका सरकार की ओर से ‘मित्र विभूषण’ मेडल से सम्मानित किया गया। यह किसी विदेशी सरकार द्वारा पीएम मोदी को दिया गया 22वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा, “श्रीलंका सिर्फ हमारा पड़ोसी नहीं, बल्कि एक पारंपरिक मित्र है। भारत हर संभव रूप से श्रीलंका की आर्थिक सहायता करता रहेगा।”

यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच मित्रता, सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button