अब त्योहारों में सफर होगा सस्ता, रेलवे लाई नई स्कीम

त्योहारों के मौसम में भीड़ को कम करने और टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए रेलवे मंत्रालय ने एक पायलट ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ योजना शुरू की है। इस योजना के तहत यात्री अगर आने-जाने दोनों यात्राओं की टिकट एक साथ बुक करते हैं, तो उन्हें वापसी टिकट के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी। रेलवे का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य त्योहारों के दौरान भीड़ को संतुलित करना, ट्रेनों में दोनों दिशाओं में समान रूप से यात्रियों की संख्या बढ़ाना और बुकिंग प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना है।
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो आगे और वापसी दोनों यात्राएं खुद करेंगे। वापसी टिकट पर यात्री का नाम और अन्य विवरण आगे की यात्रा की टिकट से बिल्कुल मेल खाना चाहिए। यह योजना सभी क्लास और सभी ट्रेनों पर लागू होगी, जिसमें स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं, लेकिन फ्लेक्सी फेयर वाली ट्रेनों में यह मान्य नहीं होगी। इसके तहत दोनों ओर की टिकट कन्फर्म होनी चाहिए और इन्हें एक ही माध्यम से बुक किया जाना जरूरी है।
बुकिंग की शुरुआत 14 अगस्त 2025 से होगी। आगे की यात्रा के लिए 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच चलने वाली ट्रेनों की टिकट बुक की जा सकेगी, जबकि वापसी यात्रा के लिए 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच चलने वाली ट्रेनों की टिकट लेनी होगी। पहले आगे की यात्रा की टिकट बुक करनी होगी, उसके बाद वापसी टिकट ‘कनेक्टिंग जर्नी’ फीचर से बुक की जाएगी। खास बात यह है कि वापसी टिकट के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा।
इस योजना में 20% की छूट केवल वापसी टिकट के बेस फेयर पर मिलेगी और दोनों यात्राओं में एक ही क्लास और एक ही रूट होना अनिवार्य है। इस स्कीम के तहत बुक की गई टिकट पर न तो रिफंड मिलेगा और न ही किसी तरह का बदलाव किया जा सकेगा। साथ ही, यह छूट किसी अन्य ऑफर, कूपन, पास या वाउचर के साथ लागू नहीं होगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस योजना से त्योहारों के दौरान भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी, वहीं ट्रेनों का संचालन भी अधिक संतुलित और प्रभावी रहेगा।





