नोएल टाटा होंगे TATA ट्रस्ट के नए चेयरमैन, मीटिंग में हुआ फैसला

नोएल टाटा होंगे TATA ट्रस्ट के नए चेयरमैन, मीटिंग में हुआ फैसला
रतन टाटा के निधन के बाद अब नोएल टाटा को बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। शुक्रवार को हुई मीटिंग में नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है।
अभी टाटा ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी टाटा संस है, लेकिन टाटा ट्रस्ट मैनेजमेंट के मामले में इससे भी ऊपर है। टाटा ट्रस्ट असल में टाटा ग्रुप की परोपकारी संस्थाओं का समूह है। इसकी 13 लाख करोड़ रुपये के रेवेन्यू वाले टाटा ग्रुप में सबसे अधिक 66 फीसदी की हिस्सेदारी है। टाटा ट्रस्ट के तहत आने वाले सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के पास ही टाटा संस की 52 फीसदी स्टेक है।
इसी टाटा ट्रस्ट की शुक्रवार को दो मीटिंग्स हुईं। एक बैठक रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए और दूसरी मीटिंग नए चेयरमैन की नियुक्ति के लिए हुई। जिसमें सर्वसम्मति से नोएल टाटा इसके चेयरमैन चुने गए। गौरतलब है कि नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। नोएल टाटा, नवल एच. टाटा और सिमोन एन. टाटा के बेटे हैं। नोएल टाटा पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी थे। टाटा ट्रस्ट की टाटा संस में 66 पर्सेंट हिस्सेदारी है। टाटा संस, डायवर्सिफाइड टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है।
बता दें कि रतन टाटा का देहांत बुधवार को देर रात मुंबई में हुआ। उनका अंतिम संस्कार कल यानी गुरुवार को हुआ। इस नियुक्ति के साथ ही नोएल टाटा, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के 11वें और सर रतन टाटा ट्रस्ट के छठवें चेयरमैन बन गए हैं।





