नीतीश सरकार का पत्रकारों को तोहफा, अब मिलेगी 15 हजार रुपए पेंशन

बिहार सरकार ने राज्य के पत्रकारों के लिए बड़ी राहत वाली घोषणा की है. अब पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन की राशि 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए कर दी गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर करके दी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार रू॰ की जगह 15 हजार रू॰ पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया है. साथ ही बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मृत्यु होने की स्थिति में उनके आश्रित पति/ पत्नी को जीवनपर्यन्त प्रतिमाह 3 हजार रू॰ की जगह 10 हजार रू॰ की पेंशन राशि दिए जाने का निर्देश दिया है. लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है. वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. पत्रकारों की सुविधाओं का हमलोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें.

बताते चलें कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना का मकसद राज्य के उन पत्रकारों को आर्थिक सहायता देना है जो वर्षों तक मीडिया में सक्रिय रहे और अब रिटायर हो चुके हैं. पहले इस योजना के तहत सिर्फ 6 हजार रुपए महीना मिलते थे, जो कई बार पत्रकारों की जरूरतों के लिए काफी नहीं होते थे. लेकिन अब 15 हजार रुपए महीना मिलना निश्चित तौर पर बड़ी राहत है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here




