दुनिया भर में नए साल की धूम, 2025 के स्वागत में झूमा भारत

चुनाव, राजनीतिक अशांति और संघर्ष से भरे साल के बाद मंगलवार की रात दुनिया ने जीवंत समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आशा की भावना के साथ नए साल 2025 का स्वागत किया.
दुनिया भर में, लोग शानदार आतिशबाजी प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रदर्शन, लाइव संगीत और थीम पर आधारित सजावट का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए. भारत में, शहरों में भव्य पार्टियों और भीड़ भरे समारोहों के साथ नए साल का जश्न शुरू हुआ.
दिल्ली में, इंडिया गेट, हौज़ खास, कनॉट प्लेस और लाजपत नगर जैसे लोकप्रिय स्थान उत्सव का आनंद लेने वाले लोगों से भरे हुए थे.
नए साल का जश्न दिल्ली के साथ-साथ कोलकाता, चंडीगढ़, मुंबई, और चेन्नई समेत देश के ज्यादातर शहरों में देखेन को मिला. नए साल के स्वागत के लिए लोग खासे उत्साहित दिख रहे थे. जैसे ही रात में घड़ी में 12 बजे लोग हैप्पी न्यू ईयर कहते हुए एक दूसरे को बधाई देते दिखे. इस मौके पर जमकर आतिशबाजी भी हुई है. सड़कों पर भी लोगों को हुजूम देखने के मिला. नए साल के जश्न के मौके पर लोगों बेहद खुश दिखे.
एक ओर जहां देश के अलग-अलग हिस्सों में नए साल का जश्न मनाया जा रहा था वहीं जश्न के बीच दिल्ली समेत देश के अलग-अलग शहरों में सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक चौबंद दिखी. पुलिस के जवान जगह-जगह पर गाड़ियों की जांच करते और यह सुनिश्चित करते दिखे कि इस जश्न के बीच में कोई ज्यादा शराब पीकर तो गाड़ी नहीं चला रहा है. या फिर किसी तरह का कोई अपराध तो नहीं हो रहा. देश में जश्न की रात पुलिस ने नशे में धुत्त लोगों का चालान भी किया.नए साल के जश्न के मौके पर हंगामा करने की कोशिश करने के वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई है.





