भारत-EU रिश्तों में नया मोड़, जानिए PM मोदी की क्या है रणनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से संयुक्त टेलीफोन वार्ता की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ (EU) रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के संकल्प को दोहराया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, बातचीत में आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और भविष्य के लिए समान दृष्टिकोण पर आधारित मजबूत संबंधों को रेखांकित किया गया। नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों का सामना करने, स्थिरता बनाए रखने और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने में भारत और EU की भूमिका पर चर्चा की।
वार्ता के दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश, नवाचार, स्थिरता, रक्षा, सुरक्षा और सप्लाई चेन जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने लंबे समय से लंबित भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द से जल्द पूरा करने और इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) पर काम तेज करने पर सहमति जताई।
नेताओं ने फरवरी में EU के प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा के आधार पर अगला भारत-EU शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित करने पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डेर लेयेन को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत हुई, खासकर यूक्रेन संघर्ष पर। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की स्थायी नीति को दोहराते हुए कहा कि विवाद का हल संवाद और कूटनीति से निकलना चाहिए और जल्द से जल्द स्थिरता बहाल होनी चाहिए।
वार्ता के बाद उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्वीट कर कहा, “हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करके खुशी हुई। हम यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ भारत की निरंतर भागीदारी का स्वागत करते हैं। भारत रूस को युद्ध समाप्त करने और शांति का रास्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”
We had the pleasure of speaking with Prime Minister @narendramodi.
We warmly welcome India’s continued engagement with President Zelenskyy.
India has an important role to play in bringing Russia to end its war of aggression and helping create a path towards peace.
This war… pic.twitter.com/ri5Vkep6MQ
— Ursula von der Leyen (@vonderleyen) September 4, 2025
उन्होंने मुक्त व्यापार समझौते पर तेजी से काम करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “हम इस साल के अंत तक FTA वार्ता को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए अभी प्रगति जरूरी है।” वॉन डेर लेयेन ने यह भी घोषणा की कि अगले भारत-EU शिखर सम्मेलन में एक संयुक्त रणनीतिक एजेंडा को अपनाने की योजना है, जिसे 2026 की शुरुआत में लक्षित किया गया है।





