भारत

भारत-यूएई संबंधों को नई दिशा, पीएम मोदी से मिले शेख हमदान

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम मंगलवार को भारत दौरे पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग, रक्षा, नवाचार और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर बेहद खुशी हुई। हमारी बातचीत ने यूएई-भारत संबंधों की मजबूती और साझा दृष्टिकोण को रेखांकित किया है। ये संबंध विश्वास और इतिहास पर आधारित हैं, जो नवाचार, अवसरों और स्थायी समृद्धि की दिशा में हमारे साझा लक्ष्य से प्रेरित हैं।”


प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस मुलाकात को विशेष बताते हुए कहा कि भारत-यूएई की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में दुबई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पोस्ट किया, “शेख हमदान से मिलकर बेहद प्रसन्नता हुई। यह यात्रा हमारी गहरी दोस्ती का प्रमाण है और भविष्य में और भी मजबूत सहयोग का मार्ग प्रशस्त करती है।”

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री ने क्राउन प्रिंस से अलग मुलाकात में रक्षा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने बताया कि भारत और यूएई मिलकर सह-उत्पादन और सह-विकास परियोजनाओं पर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

राजनाथ सिंह ने इस बैठक को ‘उत्पादक’ बताते हुए कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगे। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी शेख हमदान का स्वागत करते हुए कहा कि भारत-यूएई संबंधों को लेकर उनका दृष्टिकोण बेहद सकारात्मक है।

इस महत्वपूर्ण दौरे को दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और रणनीतिक सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button