नई दिल्ली: पीएम मोदी ने भारत मंडपम में वैश्विक सहकारी सम्मेलन किया उद्घाटन

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने भारत मंडपम में वैश्विक सहकारी सम्मेलन किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी सोमवार को भारत मंडपम में आईसीए वैश्विक सहकारी सम्मेलन 2024 का उद्घाटन कर संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 की शुरुआत की। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री व सहकारिता मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
#WATCH प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में वैश्विक सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन किया। pic.twitter.com/1gQcFRDroV
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 25, 2024
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि , “…आज जब मैं आप सबका स्वागत कर रहा हूं, तो मैं ये अकेला नहीं कर रहा हूं, मैं ये नहीं कर सकता। मैं आप सबका स्वागत सभी किसानों, मछुआरों, स्वयं सहायता समूहों की 10 करोड़ महिलाओं, 8 लाख से अधिक सहकारी संस्थाओं की तरफ से करता हूं…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन का वैश्विक सम्मेलन पहली बार भारत में आयोजित किया जा रहा है। भारत में हम सहकारिता आंदोलन का विस्तार कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इस सम्मेलन के माध्यम से हमें भारत की भावी सहकारी यात्रा के बारे में जानकारी मिलेगी। साथ ही, भारत के अनुभवों के माध्यम से वैश्विक सहकारी आंदोलन को 21वीं सदी के उपकरण और नई भावना मिलेगी।”
उन्होंने कहा कि “आजादी के आंदोलन को भी सहकारिता ने प्रेरित किया है। इससे आर्थिक सशक्तिकरण में तो मदद मिली ही साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को एक सामूहिक मंच भी मिला। महात्मा गांधी जी के ग्राम स्वराज ने सामुदायिक भागीदारी को फिर से नई ऊर्जा दी। उन्होंने खादी और ग्रामोद्योग जैसे क्षेत्रों में एक नया आंदोलन खड़ा किया और आज खादी और ग्रामोद्योग को हमारी सहकारिता ने बड़े-बड़े ब्रांड से भी आगे पहुंचा दिया है।”





