मुंबई एयरपोर्ट पर नेटवर्क फेल, उड़ानें थमीं – यात्रियों में हड़कंप

शनिवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ी तकनीकी दिक्कत के कारण चेक-इन सिस्टम ठप हो गया। तीसरे पक्ष के डेटा नेटवर्क में आई खराबी की वजह से एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस की उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि इस गड़बड़ी के कारण चेक-इन सिस्टम प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए संचालन रोकना पड़ा। एयरलाइन ने बताया, “अब सिस्टम बहाल हो चुका है, लेकिन स्थिति सामान्य होने तक कुछ उड़ानों पर असर बना रह सकता है।” एयर इंडिया के मुताबिक, तकनीकी टीम ने सेवाएं बहाल करने के लिए काम किया और स्टाफ यात्रियों की दोबारा बुकिंग, चेक-इन और अन्य पूछताछ में मदद कर रहा है।
#TravelAdvisory
A third-party data network outage had impacted check-in systems at Mumbai airport, thereby delaying flight departures of airlines, including Air India. The systems have since been restored, however, some of our flights may continue to be affected for some time as…— Air India (@airindia) August 9, 2025
मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने भी बयान जारी कर इस समस्या की पुष्टि की। उन्होंने इसे “पूरे एयरपोर्ट पर नेटवर्क फेल्योर” बताया और कहा कि प्रभाव को कम करने के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई। प्रशासन के मुताबिक, संचालन को मैनुअल मोड पर शिफ्ट किया गया ताकि उड़ानों पर कम से कम असर पड़े। बयान में यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की गई।





