NEET पेपर लीक मामले में अब तक का क्या कुछ है अपडेट, यहाँ पढ़ें

NEET पेपर लीक मामले में अब तक का क्या कुछ है अपडेट, यहाँ पढ़ें
नीट यूजी पेपर लीक विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 8 जुलाई को 38 याचिकाओं पर सुनवाई हुई। इस दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच ने यह माना कि नीट यूजी परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यह कहा कि “एक बात तो साफ है कि प्रश्नपत्र लीक हुआ है। सवाल यह है कि इसकी पहुंच कितनी व्यापक है? पेपर लीक होना एक स्वीकार्य तथ्य है।”फिलहाल अब इस पर अगली सुनवाई 11 जुलाई को होगी. नीट यूजी पर विवाद परीक्षा के समय से ही शुरू हो गया था।
यहाँ देखें नीट यूजी 2024 पर अब तक का अपडेट-
- भारत में 5 मई को NEET-UG की परीक्षा देश के कुल 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, इस दौरान करीब 24 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था।
- परीक्षा का परिणाम 4 जून को घोषित किया गया था, रिजल्ट 10 दिन पहले ही जारी कर दिया गया था।
- जिसके बाद देशभर में नीट-यूजी में बहुत अधिक नंबर दिए जाने के आरोप लगे हैं, जिसके कारण रिकॉर्ड 67 उम्मीदवारों ने परफेक्ट स्कोर के साथ टॉप रैंक हासिल की है।
- छात्रों का आरोप है कि कई उम्मीदवारों के अंकों को बेतरतीब ढंग से घटाया या बढ़ाया गया है, जिससे उनकी रैंक प्रभावित हुई है।
- परीक्षा में देरी के कारण समय की बर्बादी की भरपाई के लिए 1,500 से अधिक छात्रों को दिए गए ग्रेस मार्क्स भी जांच के दायरे में हैं।
- इसके बाद इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एनटीए ने ग्रेस मार्क्स कैंसिल करके ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 छात्रों को 23 जून को दोबारा परीक्षा का विकल्प दिया गया।
- इस बीच नीट यूजी पेपर लीक और अनियमितताओं को देखते हुए पहले 11 जून को और फिर 20 जून को नीट यूजी काउंसलिंग पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की गई थीं. दोनों बार कोर्ट ने काउंसलिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
- 23 जून को ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 कैंडिडेट्स के लिए 6 परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।
- एनटीए ने 23 जून को 1563 छात्रों के लिए दोबारा से परीक्षा आयोजित की थी। लेकिन यह परीक्षा 813 छात्रों ने ही दी थी।
- इसके बाद नीट यूजी री-एग्जाम का रिजल्ट 1 जुलाई को जारी हुआ।
- इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 8 जुलाई को ‘नीट-यूजी’ 2024 को रद्द करने की अर्जी पर सुनवाई करते हुए यह माना कि कि प्रश्नपत्र लीक हुआ है। अब अगली सुनवाई 11 जुलाई को होनी है।
गौरतलब है कि नीट भारत की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। नीट प्रवेश परीक्षा का आयोजन प्रत्येक वर्ष लाखों छात्रों को मेडिकल, डेंटल आयुष, बीवीएससी और एएच पाठ्यक्रम में प्रवेश देने के लिए किया जाता है। प्रत्येक वर्ष लाखों छात्र इस प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं और परीक्षा में भाग लेते हैं इसी कारण इस परीक्षा को बेहद कठिन माना जाता है। नीट प्रवेश परीक्षा (NEET Entrance Exam) प्रत्येक वर्ष में एक बार एनटीए द्वारा आयोजित की जाती है।





