वेनेजुएला की राजधानी कराकस में कई धमाके, कुछ इलाकों में बिजली गुल

वेनेजुएला की राजधानी कराकस में शनिवार तड़के कई जोरदार धमाके हुए, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाकों की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि लोग नींद से जाग गए। खासतौर पर एक बड़े सैन्य ठिकाने के पास स्थित दक्षिणी इलाकों में धमाकों के बाद बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
मौके पर मौजूद पत्रकारों ने बताया कि धमाकों के कुछ ही देर बाद आसपास के इलाकों में अंधेरा छा गया। वहीं, एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, कम से कम सात धमाकों की आवाज़ सुनी गई और आसमान में नीचे उड़ते विमानों की गड़गड़ाहट भी सुनाई दी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आसमान में चमक और रिहायशी इलाकों में गूंजती धमाकों की आवाज़ें कैद होती दिखीं।
फिलहाल, इन धमाकों की वजह को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की पुष्टि भी नहीं हुई है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली सरकार ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार पर दबाव बढ़ाया है। हाल के दिनों में वेनेजुएला के तेल टैंकरों को जब्त किए जाने और एक हवाई हमले की खबरों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है।
धमाकों के बाद सुबह के समय हालात में कुछ हद तक शांति देखी गई और कुछ इलाकों में बिजली धीरे-धीरे बहाल हो गई। हालांकि, अब भी यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाके किस वजह से हुए और आगे हालात क्या रुख ले सकते हैं।





