मध्य प्रदेश में दुर्गा विसर्जन पर मातम, खंडवा हादसे में कई जिंदगियां खत्म

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पंधाना क्षेत्र के ग्राम अर्दला में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई, जिससे 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे के समय ट्रॉली में 20 से 25 लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को राजगढ़ ग्राम पंचायत के पाडलाफाटा और आसपास के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से तालाब पहुंचे थे। पुलिया पर खड़ी ट्रॉली अचानक तालाब में पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और बाद में प्रशासन और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाला गया।
अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रॉली में जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और यह दुर्घटना हो गई।
इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि खंडवा और उज्जैन जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 2, 2025
सीएम ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।





