
संसद का मानसून सत्र पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ. वहीं इसके बाद संसद में हंगामा शुरू हो गया. लोकसभा में विपक्षी सांसद ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी करते दिखे. मॉनसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र भी किया. इस बार का सत्र की शुरुआत होते ही हंगामा होने लगा. विपक्ष ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि वह सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने के लिए पूरी तैयारी में है.
- पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “चर्चा के एजेंडे पर फैसला करने के लिए 1430 बजे बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी. सरकार चर्चा के लिए तैयार है लेकिन वे (विपक्षी सांसद) यहां (सदन के वेल में) विरोध कर रहे हैं. मानसून सत्र के पहले दिन इस तरह विरोध करना सही नहीं है.”
- लोकसभा में कार्यवाही के दौरान विपक्ष का जोरदार हंगामा हो रहा है, हालांकि खुद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उठकर कहा कि वो किसी भी मुद्दे पर चर्चा को तैयार है. राजनाथ सिंह से पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने भी कहा कि हर सवाल को जवाब देने को सरकार तैयार है.
- संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही फिर से शुरू हो चुकी है. इस वक्त लोकसभा में प्रश्नकाल चल रहा है. वहीं राज्य सभा में भी प्रश्नकाल चल रहा है.
- बता दें कि हंगामें के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सभी से शांति से अपील करते हुए साफ किया कि सरकार सभी प्रश्नों का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन प्रश्नकाल में हंगामे ठीक नहीं. उन्होंने कहा, ‘माननीय सदस्यगण, सदन नियमों और प्रक्रिया से चलता है. आप प्रश्नकाल नहीं चलने चाहते हैं, तो सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है.’
- राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा, ‘देश को मजबूत बनाने के लिए. सेना के मनोबल बढ़ाने के लिए हमने समर्थन दिया. हमें सभी जानकारी मिलनी चाहिए. पहलगाम हमला 22 अप्रैल को हुआ था. अब तक आतंकी नहीं पकड़े गए. अब तक क्या हुआ. जम्मू कश्मीर में इंटेलिजेंस का फेल्योर हुआ. ये एलजी ने कहा है. उन्होंने स्वीकार किया है. उपसेना प्रमुख ने कई संवेदनशील खुलासे किए. ये पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जो आपने दुनिया को बताया, उसकी बात कर रहा हूं. हमारे से आपने मदद ली. हमें भई बताएं. अमेरिका के राष्ट्रपति ने 24 बार उन्होंने कहा कि मैंने समझौता किया तभी सीजफायर हुआ. देश के साथ ये अपमानजनक है.’
- संसद सत्र से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बातचीत सरकार का एजेंडा पेश किया. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘यह सत्र भारत के लिए ‘गौरव और विजय उत्सव” का प्रतीक है. उन्होंने मानसून के आगमन को नवीनता और नवसृजन का प्रतीक बताया और कहा कि इस वर्ष मौसम कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अनुकूल साबित हो रहा है.’
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





