भारतमनोरंजन

मनी लॉन्ड्रिंग मामला: यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी पर ED का शिकंजा, दुबई की ‘शाही शादी’ भी जांच के घेरे में

नई दिल्ली/लखनऊ: अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तर प्रदेश के यूट्यूबर और ‘ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर’ अनुराग द्विवेदी पर शिकंजा कसना जारी रखा है. जांच एजेंसी ने हाल ही में उन्नाव, लखनऊ और नवाबगंज समेत कुल नौ ठिकानों पर की गई छापेमारी में करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज और सबूत बरामद किए हैं.

दुबई क्रूज पर हुई शादी भी रडार पर

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ED की जांच अब केवल ऑनलाइन सट्टेबाजी तक सीमित नहीं रह गई है. दुबई के एक क्रूज शिप पर आयोजित अनुराग द्विवेदी की शाही शादी भी जांच के दायरे में आ गई है. इस शादी में भारी-भरकम खर्च किया गया था और इसमें रिश्तेदारों के अलावा कई सेलिब्रिटीज ने भी शिरकत की थी.

ED अब उन सेलिब्रिटीज की सूची, उनकी एंट्री का ब्योरा और इस शादी की फंडिंग के स्रोत की गहन जांच कर रही है.

हवाला के जरिए दुबई में निवेश का आरोप

अनुराग द्विवेदी पर आरोप है कि वे अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स को प्रमोट करते थे. ED का दावा है कि इन ऐप्स से होने वाली कमाई को उन्होंने हवाला के माध्यम से दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में लगाया. छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज मनी ट्रेल की पुष्टि करते दिख रहे हैं.

लैंबोर्गिनी समेत लग्जरी कारें जब्त

जांच के दौरान एजेंसी ने चार महंगी गाड़ियां जब्त की हैं, जिनमें लैंबोर्गिनी, BMW और मर्सिडीज शामिल हैं. इसके अलावा कई डिजिटल डिवाइसेज और वित्तीय दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं.

दुबई में रह रहे द्विवेदी, ED के समन पर नहीं हुए पेश

अधिकारियों के मुताबिक, अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहे हैं और ED की ओर से जारी किए गए कई समनों पर भी पेश नहीं हुए हैं. एजेंसी अब उनके पूरे नेटवर्क, फंडिंग चैन और पार्टनर्स की गतिविधियों की गहराई से पड़ताल कर रही है.

पश्चिम बंगाल पुलिस की FIR से शुरू हुआ मामला

धन शोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज ED की यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की उस FIR पर आधारित है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों के आरोप दर्ज हैं.

ED अब अनुराग द्विवेदी के पूरे नेटवर्क और उनके आर्थिक सिस्टम की गहन जांच में जुटी है. यह मामला ऑनलाइन अवैध सट्टेबाजी और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग के जरिए होने वाली मनी लॉन्ड्रिंग की एक बड़ी साजिश का संकेत दे रहा है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button