मोदी जी वोट के लिए मंच पर डांस भी कर देंगे: राहुल गांधी

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महागठबंधन की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि “मोदी जी वोटों के लिए कुछ भी कर सकते हैं, अगर उनसे कहा जाए तो वोट के लिए नाचने भी लगे।”
मुज़फ़्फरपुर में हुई इस रैली में उनके साथ महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे। राहुल गांधी ने कहा, “अगर आप मोदी जी से कहें कि आप उन्हें वोट देंगे और उनसे मंच पर आकर ड्रामा करने को कहें तो वो ड्रामा करेंगे, अगर कहें कि नाचो तो वो नाचेंगे।”
मोदी वोट के लिए स्टेज पर आकर डांस कर लेंगे। pic.twitter.com/eqtUxGBTdh
— Congress (@INCIndia) October 29, 2025
उन्होंने बिहार की NDA सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि सरकार का “रिमोट कंट्रोल” बीजेपी के हाथ में है। राहुल गांधी ने कहा, “तेजस्वी यादव ने सही कहा, बिहार की सरकार रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही है। नीतीश कुमार का सिर्फ चेहरा इस्तेमाल हो रहा है। तीन-चार लोग इसे चलाते हैं और बीजेपी इसका कंट्रोल संभाले हुए है। उन्हें सामाजिक न्याय से कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने लोकसभा में प्रधानमंत्री के सामने जाति जनगणना की मांग उठाने की बात भी दोहराई और आरोप लगाया कि बीजेपी सामाजिक न्याय के खिलाफ है। इस बीच, बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह “59 दिनों से लापता” हैं। अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर यह दावा करते हुए एक पोस्टर भी साझा किया।
करीब दो महीने हो गए राहुल गांधी को बिहार आए हुए। कोलंबिया में छुट्टियाँ मनाने और वीडियो ब्लॉग बनाने के बीच उन्हें न तो बिहार की परवाह करने का वक़्त मिला, न ही गठबंधन संभालने का।
परिणाम साफ़ है — महागठबंधन में अब कांग्रेस हाशिए पर है।
बिहार की जनता जानती है कि कांग्रेस-राजद को… pic.twitter.com/CcvmfmNMTH
— Amit Malviya (@amitmalviya) October 29, 2025
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।





