डिजिटल दुनिया के ‘सुपरस्टार’ बने मोदी, Instagram पर 100M फॉलोअर्स पार

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो अब तक किसी भी राष्ट्राध्यक्ष या राजनेता के नाम नहीं था. इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ यानी 100 मिलियन के पार पहुंच गई है, जिसके साथ ही वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले विश्व के पहले राजनेता बन गए हैं.
2014 से शुरू हुआ सफर, आज पूरी दुनिया में डंका
पीएम मोदी ने वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से अपना डिजिटल सफर शुरू किया था. तब से उन्होंने इस प्लेटफॉर्म को जनता से सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम बना लिया. देश-विदेश की यात्राओं, सरकारी कार्यक्रमों, सांस्कृतिक विविधता और निजी पलों को दर्शाती उनकी तस्वीरें और वीडियो करोड़ों लोगों के दिलों तक पहुंचती हैं.
बाकी सभी बड़े नेता मिलकर भी नहीं टक्कर दे पाए
इस उपलब्धि की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दुनिया के तमाम बड़े नेताओं के फॉलोअर्स को जोड़ा जाए तो भी वे पीएम मोदी के आंकड़े से पीछे रह जाते हैं. इंस्टाग्राम पर राजनेताओं की सूची में दूसरे स्थान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं जिनके करीब 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं. इसके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला 14.4 मिलियन, तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिले 6.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ क्रमशः आते हैं.
यह उपलब्धि न केवल पीएम मोदी की डिजिटल लोकप्रियता को दर्शाती है, बल्कि भारत की बढ़ती वैश्विक साख का भी प्रतीक मानी जा रही है.





