भारत

राजनाथ सिंह को जन्मदिन पर पीएम मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने दी बधाई

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को गुरुवार को उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी नेताओं ने उनके योगदान और कार्यों की जमकर सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उन्होंने अपनी मेहनत और बुद्धिमत्ता से एक अलग पहचान बनाई है। रक्षा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और हमारे सशस्त्र बलों को मजबूत करने के उनके प्रयास प्रशंसनीय हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।”


गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर बधाई देते हुए कहा, “राजनाथ सिंह जी देश की सैन्य शक्ति को मजबूत करने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी और सरकार में उन्होंने जो जिम्मेदारियां निभाई हैं, वे हम सबके लिए प्रेरणा हैं। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “मेरे सहयोगी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भगवान से आपके अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।”


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राजनाथ सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा, “राजनाथ सिंह जी भारतीय राजनीति में आदर्श, ईमानदारी और संयम के प्रतीक हैं। उनका पांच दशकों से भी अधिक का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रीय सुरक्षा और नैतिक राजनीति की मिसाल है। प्रभु श्रीराम की कृपा उन पर बनी रहे।”


राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के भभुआरा गांव में हुआ था। उनका राजनीतिक सफर 1974 में शुरू हुआ। उन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत की और फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वे केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री बने। साल 2000 में वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2003 में उन्हें केंद्र में कृषि मंत्री बनाया गया। 2013 से 2015 तक वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।

2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें गृह मंत्री बनाया गया और 2019 में उन्हें देश का रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया। जब 2024 में मोदी सरकार तीसरी बार सत्ता में लौटी, तब भी वे इस अहम जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। राजनाथ सिंह को उनकी सादगी, विनम्रता, राजनीतिक अनुभव और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। देश की रक्षा नीति को मजबूती देने और सेना के आधुनिकीकरण में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button