मनोरंजन

मनोज बाजपेयी का ‘फेक वीडियो’ वायरल, एक्टर बोले – किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं है मेरा संबंध

बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी का एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें उन्हें बिहार चुनाव 2025 से पहले एक राजनीतिक पार्टी का समर्थन करते हुए दिखाया गया था। अब एक्टर ने खुद इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है और साफ किया है कि उनका किसी भी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

मनोज बाजपेयी ने शुक्रवार को एक्स (पहले ट्विटर) पर उस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा,“मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह फेक और एडिटेड है। इसे मेरे @PrimeVideoIN के एक पुराने विज्ञापन से जोड़कर गलत तरीके से तैयार किया गया है।”

उन्होंने आगे लिखा,“मैं सभी लोगों से निवेदन करता हूं कि ऐसे झूठे और भ्रामक कंटेंट को फैलाना बंद करें। कृपया इस तरह की एडिटेड वीडियोज़ पर भरोसा न करें और न ही इन्हें आगे बढ़ाएं।” बताया जा रहा है कि इस वायरल वीडियो में मनोज बाजपेयी के पुराने विज्ञापन के क्लिप्स को जोड़कर एक राजनीतिक प्रचार वीडियो की तरह पेश किया गया था। हालांकि अब वह वीडियो डिलीट कर दिया गया है।

मनोज बाजपेयी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनका समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा,“अच्छा हुआ आपने खुद सफाई दी। लोगों को किसी भी एडिटेड क्लिप पर यकीन करने से पहले जांच करनी चाहिए।” एक अन्य ने कहा,“आज के डिजिटल दौर में डीपफेक और एडिटेड वीडियो से किसी की भी छवि को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे फेक कंटेंट से राजनीतिक माहौल भी खराब होता है।” कई लोगों ने मनोज बाजपेयी को सलाह दी कि वे इस मामले में मानहानि का केस दर्ज करें।

हाल ही में ऋतिक रोशन, करण जौहर, सुनील शेट्टी, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन और अक्षय कुमार जैसे सितारे भी कोर्ट में अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए याचिका दायर कर चुके हैं। ये सितारे चाहते हैं कि उनकी पहचान या फोटो का डीपफेक वीडियो और एआई तकनीक से गलत इस्तेमाल न किया जाए।

वर्क फ्रंट की बात करें तो मनोज बाजपेयी हाल ही में फिल्म ‘जुगनुमा (The Fable)’ में नजर आए थे, जिसका निर्देशन राम रेड्डी ने किया था। इस फिल्म में उनके साथ तिलोत्तमा शोम, दीपक डोबरियाल, प्रियंका बोस और हिरल सिधु भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। अब फैंस को मनोज बाजपेयी की सुपरहिट वेब सीरीज़ ‘द फैमिली मैन 3’ का इंतज़ार है, जिसे राज एंड डीके बना रहे हैं। इस सीज़न में प्रियामणि, शरद केलकर, शरिब हाशमी, जैदीप अहलावत, निमृत कौर जैसे कलाकार दिखाई देंगे। हालांकि इसका रिलीज़ डेट अभी घोषित नहीं की गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button