बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: पाक सेना के काफिले पर आत्मघाती हमला, कई जवान हताहत

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। नोश्की इलाके में रॉयल कोस्टल हाईवे (RCD Highway) पर पाकिस्तानी सेना के काफिले पर घातक हमला हुआ। इस हमले में पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, कम से कम 5 जवानों की मौत हो गई और 13 से अधिक घायल हैं। वहीं, हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है, जिसने दावा किया कि 90 सैनिक मारे गए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला आत्मघाती था और इसे दो चरणों में अंजाम दिया गया। सबसे पहले, आतंकियों ने एक बस को विस्फोटक से लदे वाहन (VBIED) से टक्कर मारकर उड़ा दिया। इसके कुछ समय बाद, काफिले की दूसरी बस को रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से निशाना बनाया गया।
नोश्की के SHO सुमालानी ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल जवानों को नोश्की और फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) कैंप में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बयान जारी कर कहा कि उनकी फिदायीन यूनिट “मजीद ब्रिगेड” ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। संगठन के अनुसार, काफिले की कुल आठ बसों में से एक पूरी तरह नष्ट हो गई, जबकि दूसरी बस को आतंकियों ने घेरकर उसमें सवार सभी सैनिकों को मार गिराया।
BLA के मुताबिक, यह हमला बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की बढ़ती गतिविधियों और “अत्याचारों” के खिलाफ किया गया। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इस दावे को खारिज किया है और कहा है कि मरने वालों की संख्या को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है।
बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और विद्रोह का केंद्र बना हुआ है। बलूच अलगाववादी संगठन पाकिस्तानी सेना और सरकार पर क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण करने और स्थानीय आबादी के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते रहे हैं। हाल के वर्षों में, बलूच आतंकियों ने पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को बार-बार निशाना बनाया है। इस हमले के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, और इलाके में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।





