वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ी छंटनी: शशि थरूर के बेटे ईशान की भी गई नौकरी

नई दिल्ली. अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने बुधवार को बड़े पैमाने पर छंटनी करते हुए अपने लगभग एक तिहाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. इस छंटनी की चपेट में भारतीय राजनेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर के पुत्र ईशान थरूर भी आ गए.
ईशान थरूर ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इस बात की पुष्टि की. उन्होंने अपने भावनात्मक संदेश में लिखा, “आज मुझे वॉशिंगटन पोस्ट से निकाल दिया गया है. मेरे साथ-साथ अधिकांश अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी और कई अन्य शानदार सहकर्मियों को भी नौकरी से हटाया गया है.”
I have been laid off today from the @washingtonpost, along with most of the International staff and so many other wonderful colleagues. I’m heartbroken for our newsroom and especially for the peerless journalists who served the Post internationally — editors and correspondents…
— Ishaan Tharoor (@ishaantharoor) February 4, 2026
नौकरी गंवाने पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए ईशान ने कहा कि उनका दिल टूट गया है. उन्होंने अपने उन सभी साथियों के साथ एकजुटता जताई जिन्हें इस कठिन स्थिति का सामना करना पड़ा है.
ईशान ने आगे लिखा, “मैं अपने न्यूजरूम और विशेष रूप से उन बेमिसाल पत्रकारों के लिए बहुत दुखी हूं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कंपनी की सेवा की. वे संपादक और संवाददाता जो लगभग 12 वर्षों से मेरे मित्र और सहयोगी रहे हैं – उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है.”
इस बड़ी छंटनी के साथ ही वॉशिंगटन पोस्ट ने कई अहम निर्णय लिए हैं. प्रतिष्ठित अखबार ने अपना खेल विभाग पूरी तरह से बंद कर दिया है. इसके अलावा कई विदेशी कार्यालयों को निलंबित कर दिया गया है और समाचार पत्रों से जुड़े कवरेज को भी समाप्त कर दिया गया है.
यह छंटनी अमेरिकी मीडिया उद्योग में जारी संकट का एक और उदाहरण है, जहां कई प्रमुख समाचार संगठन वित्तीय दबाव और बदलती मीडिया परिदृश्य से जूझ रहे हैं.





