ईरानी नेता अली लारीजानी को लेकर बड़ा दावा, इजरायल ने कहा एयरस्ट्राइक में हुई मौत

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा दावा किया है। इजरायल का कहना है कि रातभर चले हवाई हमलों में ईरान के वरिष्ठ नेता अली लारीजानी मारे गए हैं। हालांकि ईरान की ओर से अब तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि इन हमलों में ईरान की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई बड़े अधिकारियों को निशाना बनाया गया था, जिनमें अली लारिजानी भी शामिल हैं। इजरायली सैन्य सूत्रों के अनुसार यह ऑपरेशन खास तौर पर ईरान की सुरक्षा और अर्धसैनिक ढांचे से जुड़े शीर्ष नेताओं पर केंद्रित था।
ईरान के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे लारीजानी
अली लारिजानी ईरान के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में से एक माने जाते हैं। वह पहले ईरान के परमाणु वार्ताकार भी रह चुके हैं और उन्हें सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई का करीबी सहयोगी माना जाता है। अगर उनकी मौत की पुष्टि होती है, तो यह ईरान की नेतृत्व व्यवस्था के लिए बड़ा झटका माना जाएगा।
अन्य सैन्य अधिकारियों को भी बनाया गया निशाना
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इन हमलों में ईरान की बसीज रेजिस्टेंस फोर्स के प्रमुख घोलामरेज़ा सुलेमानी को भी निशाना बनाया गया था। हालांकि उनकी स्थिति को लेकर भी ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हमले के बाद भी सामने आया बयान
दिलचस्प बात यह है कि हमलों के कुछ समय बाद ईरानी मीडिया में अली लारीजानी के नाम से एक बयान जारी किया गया। इसमें उन्होंने अमेरिका और इजरायल की आलोचना की और कहा कि ईरान अपने रुख पर कायम है। हालांकि यह बयान कब जारी हुआ और इसकी सच्चाई क्या है, इसे लेकर अभी भी स्पष्टता नहीं है।
क्षेत्र में बढ़ रहा तनाव
इन घटनाओं से पहले लारिजानी ने मुस्लिम देशों को संबोधित करते हुए कहा था कि ईरान अमेरिका और इजरायल के खिलाफ अपने रुख पर मजबूती से खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा था कि कई मुस्लिम देशों से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। लारीजानी को आखिरी बार तेहरान में कुद्स डे रैली के दौरान सार्वजनिक रूप से देखा गया था।
फिलहाल ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण लारीजानी की स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं क्षेत्र में इजरायल और ईरान के बीच लगातार हो रहे हमलों से तनाव और बढ़ता जा रहा है।





