रायपुर के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, छह मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

रायपुर के सिलतरा इलाके में शुक्रवार को एक निजी स्टील प्लांट में निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन ढांचा अचानक गिर गया, जिससे छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से बाहर निकालने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मृतकों के शव नारायणा अस्पताल पहुंचाए गए हैं। हादसे के बाद प्लांट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।





