खेलताज़ा खबरें

Lausanne Diamond League : नीरज ने दिखाया सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 89.49 मीटर थ्रो करके दूसरे स्थान पर बनाई जगह

Lausanne Diamond League : नीरज ने दिखाया सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 89.49 मीटर थ्रो करके दूसरे स्थान पर बनाई जगह

पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद अब एक बार फिर भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने अपना शानदार प्रदर्शन दिखाया है। नीरज ने लुसाने डायमंड लीग 2024 में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 89.49 मीटर का थ्रो फेंका और लीग के दूसरे स्थान पर जगह बना ली। वहीं ग्रेनाडा के पीटर्स एंडरसन ने 90 मीटर से ज्यादा के थ्रो के दम पर पहला स्थान प्राप्त किया।

नीरज लुसाने में अपनी लय में नहीं दिखे और लगातार एंडरसन पीटर्स से पीछे रहे। नीरज शुरुआती चार प्रयास में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे और चौथे स्थान पर चल रहे थे, लेकिन पांचवें प्रयास में उन्होंने दम दिखाया और शीर्ष तीन में जगह बनाई। हालांकि, अंतिम प्रयास में नीरज ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 89.49 मीटर का श्रेष्ठ थ्रो किया और वह दूसरे स्थान पर रहे। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने छठे प्रयास में 90.61 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो किया और विजेता बनकर उभरे। नीरज ने इसी के साथ अगले महीने होने वाले डायमंड लीग के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है

बता दें कि भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में 82.10 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की। हालांकि, ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 86.36 मीटर का थ्रो किया, जबकि जर्मनी के जुलियन वेबेर ने पहले प्रयास में 85.07 का थ्रो किया। वहीं, चेक गणराज्य के जाकुब वालदेज पहले प्रयास में फाउल कर बैठे। पहले प्रयास के बाद नीरज चौथे स्थान पर रहे, जबकि एंडरसन ने अपनी बढ़त बनाए रखी।

इस पूरे इवेंट में भारत का ये स्टार एथलीट 85 मीटर की दूरी को सिर्फ एक बार ही लांघ पाया। उनकी चौथी थ्रो 82.34 मीटर की रही। इसके बाद नीरज ने जबरदस्त सुधार करते हुए 85 मीटर की दूरी को पार किया और फिर से तीसरे स्थान पर जगह बनाई। आखिरी प्रयास में नीरज ने अपनी पूरी जान लगाते हुए 89.49 मीटर दूर भाला फेंका और दूसरे स्थान पर फिनिश किया। बता दें, नीरज ने 2 सप्ताह पहले ही पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर लगातार 2 ओलंपिक में पोडियम फिनिश करने का शानदार कारनामा किया था। पेरिस में नीरज ने 89.45 मीटर के थ्रो की बदौलत सिल्वर मेडल अपने नाम किया था जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button