Hindi Newsportal

Lakhimpur Kheri Violence:धरना दे रहे अखिलेश यादव गिरफ्तार, लखनऊ में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन में लगाई आग

0 946

यूपी के लखीमपुर में किसानों और मंत्री के बेटे के बीच टकराव के बाद हुई हिंसक घटना में आठ लोगों की मौत से प्रदेशभर में बवाल जारी है। कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बयान का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव पैदा हुआ। घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। इस सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वही लखनऊ में धरने पर बैठे अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। इतना ही नहीं, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। बता दे इधर किसानों ने घटना के विरोध में देशभर में प्रर्दशन का ऐलान कर दिया है।

यूपी सरकार का पंजाब के मुख्य सचिव से आग्रह, किसी को घटनास्थल पर ना आने दें।

लखीमपुर खीरी में किसान आंदोलन के दौरान चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद जिले में धारा 144 लगा दी गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया है कि वहां से किसी को लखीमपुर खीरी के लिए रवाना ना होने दिया जाए। उत्तर प्रदेश सरकार ने यह पत्र लखीमपुर में हिंसा को बढ़ने से रोकने के उद्देश्य से लिखा है।

हिरासत में लिए गए अखिलेश यादव।

अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी जाने पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर उन्होंने अपने आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया था।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बंद किया एनएच-9 और 24।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और 24 बंद कर दिया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद आने-जाने वाले कई रास्तों पर लंबा जाम लग गया है।

शाहजहांपुर जिले में इंटरनेट सेवा बंद।

लखीमपुर घटना को देखते हुए प्रशासन ने शाहजहांपुर जनपद में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद कर दी है।

केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या और गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रियंका गाँधी भी हिरासत में, राहुल गाँधी ने की टिप्पणी।

इस मुद्दे पर इतने बवाल के बीच ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आज सुबह करीब 4.00 बजे हरगांव में रोकने के बाद हिरासत में ले लिया था। इधर प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपनी बहन का मनोबल बढ़ाते हुए कहा है कि वह जानते हैं कि प्रियंका पीछे नहीं हटेंगी। राहुल ने ट्वीट किया है, प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।

योगी आदित्यनाथ के कंट्रोल में अब कुछ नहीं रहा, लखीमपुर हिंसा पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, लखीमपुर में जिस प्रकार किसानों को रौंदा गया, ये उनकी मानसिकता है कि वो बता रहे हैं कि हमारा विरोध करोगे तो हम इसी प्रकार से कुचल देंगे। ये मानसिकता पूरे देश के लिए खतरनाक है, इससे पूरा देश आंदोलित हुआ है। भूपेश बघेल ने कहा कि प्रियंका गांधी कल रात ही लखीमपुर के लिए निकल गईं और उन्हें सीतापुर में हिरासत में लिया गया। मेरा भी कार्यक्रम बना (वहां जाने का), लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार प्लेन नहीं उतरने दे रही है। धारा 144 तो लखीमपुर में लगी है, लखनऊ में उतरने क्यों नहीं दिया जा रहा?

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram