कोलकाता रेप-मर्डर केस: SC ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को काम पर लौटने के दिए आदेश

कोलकाता रेप-हत्या मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को काम पर लौटना होगा.
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने की. एम्स नागपुर के रेजिडेंट डॉक्टरों के वकील ने पीठ को बताया कि कोलकाता बलात्कार-हत्या मामले पर विरोध करने के लिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है.
डॉक्टरों को उनकी सुरक्षा का आश्वासन देते हुए, पीठ ने कहा, “एक बार जब वे ड्यूटी पर वापस आ जाएंगे, तो हम अधिकारियों पर प्रतिकूल कार्रवाई नहीं करने के लिए दबाव डालेंगे. अगर डॉक्टर काम नहीं करेंगे तो सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचा कैसे चलेगा.”
इससे पहले मंगलवार को शीर्ष अदालत कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के संबंध में स्वत: संज्ञान मामले की सुनवाई के लिए बुलाई गई थी. शीर्ष अदालत ने मंगलवार को 15 अगस्त को अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में एक बड़ी भीड़ को तोड़फोड़ करने से रोकने में विफलता के लिए ममता बनर्जी सरकार को फटकार लगाई.





