विदेश

किर्क मेरे बेटे जैसे थे, सजा सिर्फ मौत होनी चाहिए: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि रिपब्लिकन कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के मामले में संदिग्ध को पकड़वाने वाला कोई बहुत करीबी व्यक्ति ही था। उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि आरोपी को मौत की सजा मिले। फॉक्स न्यूज के Fox and Friends कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा, “मेरा मानना है कि काफी हद तक हमने उसे हिरासत में ले लिया है। असल में, किसी बहुत नज़दीकी ने ही उसे अधिकारियों के हवाले किया।”

ट्रंप ने चार्ली किर्क को याद करते हुए कहा कि वह उनके लिए बेटे जैसा था। “किर्क ने कॉलेज के दिनों में ही यह काम शुरू किया और इसे एक बड़े आंदोलन में बदल दिया। मैंने कभी नहीं देखा कि युवा या कोई भी समूह इस तरह एक इंसान के पीछे खड़ा हो, जैसा कि उन्होंने चार्ली के साथ किया।”

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने किर्क की पत्नी और परिवार से बात की। “मैंने कल उसकी पत्नी से बात की। वह पूरी तरह टूट चुकी हैं। लेकिन इस दुख के बीच भी उन्होंने तय किया है कि Turning Point USA को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्हें भरोसा है कि वे इसे जारी रख सकते हैं,” ट्रंप ने कहा।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, किर्क और उनकी संस्था Turning Point USA ने 2024 में ट्रंप की व्हाइट हाउस वापसी में बड़ी भूमिका निभाई थी। खासतौर पर एरिज़ोना जैसे महत्वपूर्ण राज्य में वोट जुटाने के अभियान में इस संगठन का बड़ा योगदान रहा। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि इस मामले में आरोपी को मौत की सजा मिलनी चाहिए।
“उताह में मौत की सजा का प्रावधान है। गवर्नर भी इस केस में मौत की सजा के पक्ष में हैं और ऐसा होना चाहिए। यह एक बेहद भयानक अपराध है,” उन्होंने कहा।

ट्रंप के मुताबिक, हिरासत में लिए गए संदिग्ध के पिता ने भी जांच में सहयोग किया है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इंटरव्यू से पहले उन्हें केवल एक छोटा-सा ब्रीफिंग मिला था। बता दें कि चार्ली किर्क बुधवार को Utah Valley University में एक डिबेट के दौरान मौजूद थे। तभी एक हमलावर ने छत से गोली चलाई, जो उनकी गर्दन में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों का मानना है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button