मनोरंजन

‘Kesari Chapter 2 ‘ विवादों में घिरी: यूट्यूबर याह्या बूटवाला ने कविता चोरी का लगाया आरोप

अक्षय कुमार, आर. माधवन और अनन्या पांडे स्टारर हालिया रिलीज फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ अब एक बड़े विवाद में फंस गई है। मशहूर यूट्यूबर और कवि याह्या बूटवाला ने फिल्म के निर्माताओं पर उनकी कविता से बिना अनुमति संवाद उठाने का गंभीर आरोप लगाया है।

याह्या ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखते हुए दावा किया कि फिल्म के एक दृश्य में अनन्या पांडे द्वारा बोले गए संवाद उनकी पांच साल पुरानी कविता ‘जालियांवाला बाग’ से हूबहू लिए गए हैं। याह्या ने अपनी कविता और फिल्म के डायलॉग का तुलनात्मक वीडियो भी साझा किया, जिसमें दोनों के बीच  समानता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “यह साफ-साफ कॉपी-पेस्ट है, यहां तक कि ‘फुसफुसाना’ जैसे शब्द भी ज्यों के त्यों उठाए गए हैं।”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Yahya Bootwala (@yahyabootwala)


याह्या ने फिल्म के संवाद लेखक सुमित सक्सेना पर निशाना साधते हुए कहा, “एक लेखक के लिए सबसे गलत काम है किसी दूसरे की रचना को बिना अनुमति इस्तेमाल करना। सुमित सक्सेना ने यही गलती की है।” उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपील की कि इस मामले को निर्माता करण जौहर, निर्देशक करण सिंह त्यागी, धर्मा प्रोडक्शंस और कलाकारों तक पहुँचाया जाए।

याह्या ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए भी सबूत साझा किए हैं, जिसमें उनकी कविता और फिल्मी डायलॉग के बीच स्पष्ट समानता दिखाई देती है। उन्होंने सुमित सक्सेना को टैग कर सवाल उठाया कि, “आपको एक लेखक के श्रम का सम्मान करना चाहिए।”

अब तक धर्मा प्रोडक्शंस, फिल्म के निर्देशक या किसी भी कलाकार की ओर से इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। याह्या ने संकेत दिया है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे इस मामले को कानूनी रूप से भी आगे बढ़ा सकते हैं। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब ‘केसरी चैप्टर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही थी। अब देखना होगा कि निर्माता इस आरोप का क्या जवाब देते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button