दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे भीषण हादसा: सफाईकर्मियों को पिकअप ने कुचला, 6 की मौत

शनिवार सुबह नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इब्राहिमबास गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को कुचल दिया, जिसमें 6 सफाईकर्मियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब एक्सप्रेसवे की सफाई कर रहे लगभग 10 कर्मचारियों को एक अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस और रोड सेफ्टी एजेंसी की टीमों ने स्थिति को संभाला और यातायात नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें घना कोहरा, तेज रफ्तार और लापरवाही बड़ी वजहें रही हैं। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने गहरा शोक जताया और सड़क सुरक्षा के सख्त उपायों की मांग की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।





