Fraud and Scamभारत

केरल: फार्मा कारोबारी ऑनलाइन ठगी का शिकार, 25 करोड़ रुपये गंवाए

कोच्चि के एक दवा कारोबारी के साथ बड़ी ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कारोबारी से करीब 25 करोड़ रुपये की ठगी की गई, जिसे राज्य की सबसे बड़ी व्यक्तिगत वित्तीय धोखाधड़ी में से एक माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 49 वर्षीय कारोबारी को ठगों के एक गिरोह ने आसान और दोगुना मुनाफा देने का झांसा दिया। मुख्य आरोपी ने खुद को “डेनियल” बताकर सबसे पहले मार्च 2023 में टेलीग्राम के जरिए कारोबारी से संपर्क किया।

आरोपी ने लगातार फोन कॉल और टेलीग्राम चैट के जरिए कारोबारी से बात की और फिर उसे कैपिटलिक्स नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा। यहां उसे भरोसा दिलाया गया कि नामी कंपनियों के शेयर बेहद कम कीमत में खरीदे जा सकते हैं और बाद में ऊंचे दाम पर बेचे जा सकते हैं।

शुरुआत में कारोबारी ने 2 करोड़ रुपये लगाए, जिसके बाद उसे फर्जी दस्तावेज दिखाए गए कि उसकी रकम बढ़कर 4 करोड़ हो गई है। इसके बाद मार्च 2023 से अगस्त 2025 तक उसने आरोपियों के कहने पर अलग-अलग खातों में कुल 24.76 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी से पर्दा तब उठा जब उसने शेयर बेचने की कोशिश की तो पता चला कि पूरा प्लेटफॉर्म फर्जी है।

कोच्चि साइबर पुलिस ने सोमवार को इस मामले में धोखाधड़ी और विश्वासघात के आरोप में केस दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही और जानकारी सामने आएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पहले तिरुवनंतपुरम में दर्ज एक ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी जैसा ही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोच्चि पुलिस कमिश्नर पुट्टा विमलादित्य ने कहा कि यह केस दिखाता है कि पढ़े-लिखे और तकनीक समझने वाले लोग भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की ऑनलाइन वित्तीय गतिविधि करते समय सावधानी बरतें और संदेह होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button